Home Haryana मतलौडा तहसील में रिश्वतखोरी पर एसीबी का शिकंजा, पटवारी और सहयोगी रंगे...

मतलौडा तहसील में रिश्वतखोरी पर एसीबी का शिकंजा, पटवारी और सहयोगी रंगे हाथ गिरफ्तार

7
0

पानीपत। हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पानीपत जिले की मतलौडा तहसील में तैनात एक पटवारी और उसके निजी सहायक को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान पटवारी संदीप और उसके सहयोगी जयभगवान के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, एक ग्रामीण अपनी आवासीय भूमि की निशानदेही करवाने के लिए लंबे समय से तहसील कार्यालय के चक्कर लगा रहा था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसके 160 गज के मकान के एक हिस्से पर पड़ोसी ने अवैध कब्जा कर रखा था, जिसके समाधान के लिए भूमि की निशानदेही जरूरी थी। हालांकि संबंधित पटवारी लगातार मामले को लंबित रखे हुए था और काम करने के बदले 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।

बार-बार चक्कर लगाने और कथित रिश्वत की मांग से परेशान होकर पीड़ित ने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया। शिकायत की जांच के बाद एसीबी ने सुनियोजित तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। टीम ने तहसील परिसर में निगरानी रखते हुए उस समय दबिश दी, जब पटवारी संदीप और उसका सहयोगी जयभगवान शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि स्वीकार कर रहे थे। एसीबी ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने दोनों आरोपियों के खिलाफ करनाल स्थित एसीबी थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। कानूनी प्रक्रिया के तहत दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसके बाद उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

एसीबी अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जाएगा कि रिश्वतखोरी के इस नेटवर्क में अन्य कोई व्यक्ति शामिल तो नहीं है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here