कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में उस समय दहशत का माहौल बन गया जब ग्रामीणों ने करीब साढ़े चार फीट लंबा एक मगरमच्छ गली में घूमते हुए देखा। बता दें कि गांव मुकीमपुरा में ग्रामीणों ने गली में घूमते हुए एक मगरमच्छ को काबू किया है। गली में मगरमच्छ होने की खबर से गांव में दहशत फैल गई।

ग्रामीणों ने अपने प्रयास से इस मगरमच्छ को पकड़कर रस्सी से बांध लिया। इस बात का पता तब चला जब वह किसी घर के अंदर प्रवेश करने जा रहा था तो कुत्तों की भौंकने की आवाज सुनकर गांव के लोग बाहर आए तो वह मगरमच्छ को देख हैरान रह गए और उन्होंने बड़ी समझदारी से उसे पकड़ा।

गौरतलब है कि गांव मुकीमपुरा के पास ही उत्तर भारत का एकमात्र मगरमच्छ प्रजनन केंद्र भोर सैयदा में है। जहां पर भारी संख्या में मगरमच्छ देखने को मिलते हैं। कई बार तो यह खूंखार मगरमच्छ रजबाहों में पशुओं पर भी अपना शिकार कर बैठते हैं। ग्रामीण हमेशा डरे और सहमे रहते हैं। सुबह इसकी सूचना भौर सैयदां स्थित मगरमच्छ प्रजनन केंद्र के कर्मचारियों को दी गई। इसके बाद कर्मचारी इसे प्रजनन केंद्र लेकर रवाना हो गए।








