अंबाला: हरियाणा में दिनों-दिन आत्महत्या, मर्डर, रेप, किडनैपिंग की वारदातें बढ़ती ही जा रही है। आए दिन ऐसी खबरों से रु-ब-रु होना पड़ रहा है। ऐसी ही एक दिल दहला देने वाली खबर अंबाला जिले की सामने आई है। बता दें कि शहर से सटे गांव बलाना में एक ही परिवार के 6 लोगों की खौफनाक मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह जैसे ही मामले का खुलासा हुआ तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। हैरानी की बात यह है कि पहले मृतक व्यक्ति ने अपने परिवार के पांच लोगों को जहर दिया और फिर खुद आत्महत्या कर ली।
मृतकों की पहचान (65) वर्षीय संगत सिंह, उनकी पत्नी महिंद्र कौर (62), उनके बेटे सुखविंदर सिंह (32), सुखविंदर की पत्नी प्रमिला (28) और दो पोतियों के तौर पर हुई है। फिलहाल मौत के असली कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। घटनास्थल पर पहुंची सीन ऑफ क्राइम टीम और सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया गया है। पुलिस गांव वालों से पूछताछ कर रही है।
डीएसपी जोगिंदर शर्मा ने मामले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जैसे ही इस घटना की उन्हें सूचना मिली तुरंत उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। इस घटना के बारे में प्रयत्क्षदर्शी ने जानकारी देते हुए बताया कि बुजुर्ग दंपत्ति की बेटी का फोन आया था कि उसके माता-पिता फोन नहीं उठा रहे। जिसके बाद वो उनके घर गए। जब उनके दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं आया तो उन्होंने दरवाजा खुद खोला। इसके बाद वह अंदर का नाजारा देख हैरान रह गए। आज ही उनकी बेटी का जन्मदिन था।







