सिरसा (एकता): हरियाणा में सिरसा पुलिस और बदमाश अमन खलनायक के बीच मुठभेड़ हुई। मीडिया सूत्रों के अनुसार उनके बीच दोनों तरफ से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गई। बता दें कि पुलिस की गोली से अमन खलनायक घायल हो गया जिसे सिरसा के नागरिक अस्पताल में भर्ती किया गया है। अमन खलनायक पर पिछले दिनों सिरसा के नोहरिया बाजार में 2 लोगों पर फायरिंग करने का आरोप था। काफी दिनों से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। वहीं पुलिस का कहना है कि इलाज के बाद वह उसे गिरफ्तार कर लेगी।

जानिए मामला
नोहरिया बाजार में बीती 25 जनवरी को अपने घर जा रहे रानियां गेट निवासी महेंद्र उर्फ मोनू गुर्जर और दीपचंद को अमन खलनायक ने गोली मारी थी। इस मामले में अभी तक मुख्य आरोपी चिट्टा तस्कर अमन खलनायक और उसके साथियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं हो पाई थी।







