Home Haryana यूथ ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाज गुंजन को सीएम ने दिए एक...

यूथ ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाज गुंजन को सीएम ने दिए एक करोड़ रुपये

29
0

अंकुर कपूर, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यूथ ओलंपिक-2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली मुक्केबाज गुंजन को एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हांसी के ढाणा कलां गांव की इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गुंजन ने सेनेगल की राजधानी डकार में आयोजित यूथ ओलंपिक-2026 की बॉक्सिंग प्रतियोगिता के 48 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल कर हरियाणा के साथ देश का नाम रोशन किया है। इससे पहले भी उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। गुंजन ने जकार्ता (इंडोनेशिया) में आयोजित अंडर-19 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 और वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर कप-2026 में रजत पदक जीतकर अपनी उपलब्धियों में इजाफा किया था।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुंजन की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्ण पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियां खेल सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। गुंजन की सफलता प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हरियाणा की खेल नीति का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। खेल प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर से ही आधुनिक खेल सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और खेल नर्सरियों के माध्यम से तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को निर्धारित पुरस्कार राशि भी समय पर दी जा रही है, ताकि वे आर्थिक चिंताओं से मुक्त होकर अपने खेल पर ध्यान दे सकें।

मुख्यमंत्री ने गुंजन और उनके परिजनों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here