गुरुग्राम। शहर के सेक्टर-5 थाना क्षेत्र में कटारिया चौक के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शीतला माता रोड पर तेज रफ्तार निजी बस ने एक ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। ऑटो चालक शीतला माता रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार निजी बस ने उसके ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया और चालक को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद बस चालक मौके पर रुकने के बजाय फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल ऑटो चालक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। सूचना मिलने पर सेक्टर-5 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, फरार बस चालक का पता लगाने के लिए पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस हादसे के कारणों और बस की पहचान करने में जुटी हुई है।







