Home Haryana कड़ाके की ठंड में भी कपालमोचन मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब,...

कड़ाके की ठंड में भी कपालमोचन मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, आधी रात को तीनों सरोवरों में श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

8
0

यमुनानगर। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व और कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर सोमवार आधी रात को कपालमोचन मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रात 12 बजे से ही कपालमोचन, ऋणमोचन और सूरजकुंड सरोवर में पवित्र स्नान का सिलसिला शुरू हो गया। करीब नौ डिग्री सेल्सियस तापमान और कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने ठंड की परवाह किए बिना सरोवरों में डुबकी लगाई। स्नान के बाद उन्होंने गुरुद्वारा साहिब पहली और दसवीं पातशाही में माथा टेककर गुरु घर का आशीर्वाद लिया।

सरोवरों के तट पर श्रद्धालुओं ने दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आधी रात को अचानक बढ़ी भीड़ के कारण मेला क्षेत्र की सड़कों पर भी आवाजाही काफी बढ़ गई। भीड़ इतनी अधिक थी कि कई श्रद्धालु एक-दूसरे से बिछड़ने से बचने के लिए एक-दूसरे का पल्लू और चादर पकड़कर चलते दिखाई दिए। स्नान के दौरान व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पूजा-अर्चना और स्नान के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु रात को ही अपने वाहनों से घरों की ओर रवाना होने लगे।

इससे पहले प्रशासन की ओर से आयोजित लेजर, साउंड और ड्रोन शो ने भी श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। करीब 20 मिनट तक चले इस कार्यक्रम में आसमान पर रंग-बिरंगी रोशनी और ड्रोन के जरिए बनाई गई विभिन्न आकृतियों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शो शुरू होते ही मेला क्षेत्र में मौजूद श्रद्धालु जहां थे, वहीं रुककर आसमान की ओर देखने लगे। इसके चलते सड़कों पर भीड़ इतनी बढ़ गई कि कई जगहों पर पैदल निकलने तक की जगह नहीं बची।

ड्रोन शो के दौरान आसमान में गुरु नानक देव जी, गुरु गोबिंद सिंह जी और बाबा बंदा सिंह बहादुर की आकृतियां प्रदर्शित की गईं। इसके अलावा आदिबद्री स्थित माता मंत्रा देवी मंदिर और कपालमोचन के गऊ-बच्चा मंदिर की झलक भी ड्रोन के माध्यम से दिखाई गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की आकृतियां भी आसमान में उभारी गईं। इन दृश्यों को देखकर श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर उत्साह जताया और आयोजन के लिए प्रशासन की सराहना की। धार्मिक आस्था के साथ आधुनिक तकनीक के इस अनूठे संगम ने कपालमोचन मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं को यादगार अनुभव दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here