राकेश कुमार शर्मा, करनाल। पुलिस हिरासत में युवक जितेंद्र की मौत के मामले में करनाल पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए CIA-2 के इंचार्ज प्रवीण समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए अन्य पुलिसकर्मियों की पहचान संदीप और राजिंदर के रूप में हुई है। इसके अलावा तीन अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में रखी गई है। हिरासत में युवक की मौत के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों की ओर से पूरे घटनाक्रम की जांच करवाई जा रही है।
इस मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया, जब जितेंद्र की मौत के बाद एक पुलिसकर्मी ने खुद को गोली मार ली। गोली लगने से घायल पुलिसकर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। एक ओर पुलिस हिरासत में युवक की मौत और दूसरी ओर पुलिसकर्मी द्वारा खुद को गोली मारने की घटना के बाद मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जितेंद्र के शव का पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट की निगरानी में मेडिकल बोर्ड से करवाया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद परिजनों ने अभी तक उसका अंतिम संस्कार नहीं किया है। शव फिलहाल करनाल के पोस्टमार्टम हाउस में रखा हुआ है। परिवार न्याय की मांग पर अड़ा हुआ है और अपनी अन्य मांगों को पूरा किए जाने की मांग कर रहा है। परिजनों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
पुलिस के अनुसार, मृतक जितेंद्र के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे। हालांकि, उसकी पुलिस हिरासत में मौत किन परिस्थितियों में हुई और हिरासत के दौरान वास्तव में क्या घटनाक्रम हुआ, इसकी जांच की जा रही है। मामले में मजिस्ट्रेट की निगरानी में जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में डीएसपी गोरखपाल राणा ने भी घटनाक्रम को लेकर जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस विभाग की कार्रवाई, मजिस्ट्रेट जांच और परिजनों की मांगों पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।







