Home Haryana करनाल के सिंगड़ा गांव से दो साल का बच्चा लापता, तालाब में...

करनाल के सिंगड़ा गांव से दो साल का बच्चा लापता, तालाब में भी तलाश जारी

16
0
Screenshot

राकेश कुमार शर्मा, करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के सिंगड़ा गांव में दो साल के मासूम बच्चे के लापता होने से परिवार और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। बच्चा बुधवार दोपहर से लापता है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस की टीमें गांव में घर-घर जाकर जांच कर रही हैं, वहीं आसपास के संभावित स्थानों पर भी बच्चे को तलाशा जा रहा है।

बच्चे के घर के पास स्थित तालाब में उसके होने की आशंका के चलते पुलिस ने गोताखोर प्रगट सिंह को बुलाया। बुधवार रात करीब 11 बजे तालाब में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। गोताखोर ने बताया कि रात के दौरान तलाश करने के बावजूद सफलता नहीं मिली। हालांकि, अभी तक बच्चे के तालाब में होने की पुष्टि नहीं हुई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी संदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्चे के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और बच्चे को सुरक्षित तलाशने के प्रयास किए जा रहे हैं।

निसिंग थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर पुलिस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से बच्चे के लापता होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम गांव पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया। तालाब में बच्चे के होने की आशंका के चलते गोताखोर की मदद ली गई। पुलिस बच्चे के लापता होने की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हुई है।

गांव के लोग भी बच्चे की तलाश में सहयोग कर रहे हैं। रात को चलाए गए अभियान में कोई सफलता नहीं मिलने के बाद आगे भी जरूरत के अनुसार तलाशी अभियान चलाया जाएगा। फिलहाल बच्चे का पता नहीं चल पाया है और परिवार को उसके सुरक्षित मिलने का इंतजार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here