Home Haryana पंचकूला में पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़, दोनों के...

पंचकूला में पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़, दोनों के पैर में लगी गोली

13
0

पंचकूला। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम के पीछे देर रात पुलिस और बाइक सवार दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर तीन से चार राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच सेक्टर-2 की टीम ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें दोनों आरोपी पैरों में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मौके से पुलिस ने दो पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,  देर रात क्राइम ब्रांच सेक्टर-2 की टीम को सूचना मिली थी कि बाइक पर सवार दो संदिग्ध पंचकूला में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान दोनों संदिग्ध ताऊ देवीलाल स्टेडियम के पीछे वाली सड़क पर बाइक से जाते दिखाई दिए।पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की। इसी दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों के पैरों में गोलियां लगीं।

इसके बाद टीम ने दोनों को काबू कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान अमृतसर निवासी जगराज और अर्शदीप के रूप में हुई है। उनके कब्जे से दो पिस्टल और कारतूस मिले हैं। पुलिस अब दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे पंचकूला में किस वारदात को अंजाम देने आए थे और उनके पास हथियार कहां से पहुंचे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों के किसी आपराधिक गिरोह से संबंध हैं या नहीं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here