अंकुर कपूर, अंबाला। हिसार रोड के पास देर रात आपसी झगड़ा शांत करवाने पहुंचे नग्गल थाना एसएचओ पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि झगड़े में एक युवक की जान बचाने के दौरान एसएचओ ने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना बीच-बचाव किया, इसी दौरान आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में एसएचओ को कई चोटें आई हैं और चाकू से भी वार किए जाने की बात सामने आई है। उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े 9 बजे हिसार रोड के नजदीक कुछ लोग आपस में लड़ रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे नग्गल थाना एसएचओ मौके पर पहुंचे और विवाद शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि झगड़ा कर रहे लोगों ने एसएचओ को ही निशाना बना लिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, एसएचओ ने झगड़े के दौरान एक युवक को बचाने के लिए हस्तक्षेप किया था। इसी दौरान उन पर हमला किया गया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पूर्व मंत्री असीम गोयल भी घायल एसएचओ का हाल जानने के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों से एसएचओ के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
डीएसपी विजय ने बताया कि एसएचओ झगड़ा देखकर बीच-बचाव करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने साहस दिखाते हुए एक युवक की जान बचाई। आरोपियों की तलाश की जा रही है और पुलिस जल्द उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर आकांक्षा के अनुसार, एसएचओ के शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। चाकू से वार किए जाने के निशान भी मिले हैं। फिलहाल अस्पताल में उनका उपचार जारी है।







