सुन्दर कुंडू , पलवल। होडल विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरिंद्र सिंह ने उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के साथ हसनपुर अनाज मंडी का दौरा कर चालू फसल खरीद सीजन के दौरान किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में फसल बेचने पहुंचे किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर खरीद प्रक्रिया को लेकर फीडबैक लिया।विधायक ने मंडी में फसल की ढेरियों का निरीक्षण करते हुए हाथ से नमी का अंदाजा लिया और मशीन के माध्यम से भी फसल में नमी की जांच करवाई।
उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक कांटों, माप-तोल, फसल उठान और भुगतान समेत खरीद प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।हरिंद्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल खरीद के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खरीद, माप-तोल, उठान और भुगतान की प्रक्रिया समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूरी की जाए। मंडी में किसानों की ओर से रखी गई समस्याओं को सुनते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए।विधायक और उपायुक्त ने अटल किसान कैंटीन का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने कैंटीन में किसानों को उपलब्ध करवाए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों और कर्मचारियों को किसानों के लिए स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाने के साथ कैंटीन परिसर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।इस दौरान विधायक और उपायुक्त ने कैंटीन में भोजन कर रहे किसानों और मजदूरों से भी बातचीत कर खाने की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। मौके पर एसडीएम होडल बलीना, ब्लॉक समिति हसनपुर के चेयरमैन अजीत, मार्केट कमेटी सचिव रणधीर सिंह, नरवीर सिंह, महावीर सिंह सहित अन्य अधिकारी और किसान मौजूद रहे।







