रेवाड़ी। बावल औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-3 में रात दो फैक्ट्रियों में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया और दोनों फैक्ट्रियां पूरी तरह इसकी चपेट में आ गईं। आग बुझाने के लिए रेवाड़ी, बावल समेत आसपास के शहरों से 15 से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कई घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब दो बजे आग पर काबू पाया जा सका।फैक्ट्रियों में आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग तेजी से फैलने के कारण दोनों इकाइयों को भारी नुकसान पहुंचा। स्थिति को देखते हुए दमकल विभाग ने आसपास के क्षेत्रों से भी अतिरिक्त गाड़ियां बुलाईं। दमकल कर्मियों ने लगातार कई घंटे तक आग बुझाने का प्रयास किया, जिसके बाद आग पूरी तरह शांत हो सकी।घटना के समय दोनों फैक्ट्रियों में नाइट शिफ्ट चल रही थी। हालांकि रात होने के कारण कर्मचारियों की संख्या कम थी। आग लगते ही कर्मचारियों को समय रहते फैक्ट्री परिसर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग से दोनों फैक्ट्रियों में भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने और फैक्ट्री परिसर की जांच के बाद किया जाएगा।बता दें कि इससे पहले मई में भी बावल औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-6 स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगी थी। उस हादसे में झुलसने के कारण चार लोगों की मौत हो गई थी। औद्योगिक क्षेत्र में लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के बीच फैक्ट्रियों में अग्नि सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।





