Home Haryana पलवल एसपी के सख्त निर्देश, पुलिस कार्यप्रणाली में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

पलवल एसपी के सख्त निर्देश, पुलिस कार्यप्रणाली में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

4
0

सुंदर कुंडू ,पलवल। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपराध और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने तथा आमजन की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस कार्यप्रणाली में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराधियों से सख्ती से निपटने के साथ पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ मित्रवत व्यवहार करना होगा।

पुलिस अधीक्षक लघु सचिवालय होडल में आयोजित शिकायत निवारण शिविर की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने डीएसपी सुरेश भड़ाना, थाना होडल प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह और अनुसंधान अधिकारियों के साथ थाना होडल व हसनपुर से संबंधित क्राइम डायरी की समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को अपराध पर अंकुश लगाने और मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए।

नीतीश अग्रवाल ने कहा कि जिले में गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को प्रभावी गश्त और नाकाबंदी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बिना उचित कारण केस फाइल लंबित रखने वाले अधिकारियों को फटकार लगाते हुए मामलों का जल्द निस्तारण करने को कहा गया।

इससे पहले पुलिस अधीक्षक ने थाना होडल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में लंबित मामलों और अन्य मदों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही थाना परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

होडल उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर के दौरान व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। बैठक में क्षेत्र की सुरक्षा और कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। एसपी ने बताया कि शिकायत निवारण शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और पुलिस तथा जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।

शिविर में कुल आठ शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें मारपीट के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी, पारिवारिक विवाद और जमीन से जुड़े मामले प्रमुख रहे। संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का नियमानुसार जल्द समाधान करने के निर्देश दिए गए। चोट से संबंधित मामलों में आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को भी कहा गया। पुलिस के अनुसार शिविर में प्राप्त लगभग सभी शिकायतों का समाधान कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनता की सुरक्षा और सेवा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। आमजन को त्वरित न्याय दिलाने, कानून व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here