यमुनानगर,परवेज-:यमुनानगर में स्वतंत्रता दिवस से पहले बीजेपी की ओर से निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा ने ग्रामीण इलाकों में देशभक्ति का माहौल बना दिया। पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर के नेतृत्व में करीब 40 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा आयोजित की गई,जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं,नेताओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में उत्साहपूर्वक भागीदारी की।तिरंगा यात्रा ग्रामीण क्षेत्रों से होकर छछरौली पहुंची। यहां पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर का कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। यात्रा के दौरान देश की एकता,अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य केवल स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजन करना नहीं,बल्कि युवाओं में राष्ट्रभक्ति और देशसेवा की भावना को मजबूत करना है।उनका कहना है कि युवा पीढ़ी को देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझाने और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित करना पार्टी की प्राथमिकता है।करीब 40 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने बीजेपी के जनसंपर्क अभियान और संगठनात्मक सक्रियता की तस्वीर भी सामने रखी।ग्रामीण क्षेत्र में यात्रा के बाद अब पार्टी की ओर से शहरी इलाकों में भी तिरंगा यात्रा निकालने की तैयारी की जा रही है।पार्टी नेताओं के मुताबिक,आने वाले दिनों में यमुनानगर के अलग-अलग क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को देश की एकता,अखंडता और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित इस कार्यक्रम ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति का माहौल भी तैयार किया।







