पलवल, सुंदर कुंडू। श्री विश्वकर्मा स्किल यूनिवर्सिटी में आयोजित तीन दिवसीय 44वीं नेशनल सीनियर नेटबॉल चैंपियनशिप का समापन हो गया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में हरियाणा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महाराष्ट्र को हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम के खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में बेहतर तालमेल और दमदार खेल का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में हरियाणा के खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। साथ ही खिलाड़ियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने और प्रदेश व देश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने वर्ष 2030 में भारत में प्रस्तावित कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि खेलों की मेजबानी को लेकर कांग्रेस की ओर से सवाल उठाना उसकी छोटी मानसिकता को दर्शाता है।
गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के विजन के साथ काम कर रहे हैं। खेलों का आयोजन देश के किसी भी राज्य में हो, सरकार का उद्देश्य सभी प्रदेशों को समान अवसर देना है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि हरियाणा के खिलाड़ी देश और विदेश में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक पदक जीतें।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वर्ष 2010 में कांग्रेस की केंद्र में सरकार थी, तब भी हरियाणा खेलों में मजबूत स्थिति में था। दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन हुआ, लेकिन हरियाणा को एक भी मुकाबले की मेजबानी क्यों नहीं दी गई। उन्होंने वर्ष 1982 के एशियाई खेलों का जिक्र करते हुए भी कांग्रेस से सवाल किया कि उस समय हरियाणा खेलों में मजबूत होने के बावजूद प्रदेश में किसी बड़े खेल आयोजन की मेजबानी क्यों नहीं कराई गई।
खेल राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास देश के उन राज्यों और क्षेत्रों तक खेलों को पहुंचाना है, जो अभी तक बड़े खेल आयोजनों से वंचित रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात, कर्नाटक या देश के किसी भी अन्य राज्य में खेलों का आयोजन होता है तो उसे समान दृष्टि से देखा जाना चाहिए। सरकार का लक्ष्य खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराना है।चैंपियनशिप के समापन पर हरियाणा की टीम की जीत से खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल रहा।







