Home Haryana नहर में डूबे दो किशोर, एक की मौत, दूसरे की तलाश जारी

नहर में डूबे दो किशोर, एक की मौत, दूसरे की तलाश जारी

8
0

नारनौल। महेंद्रगढ़ जिले के गांव खासपुर के निकट नहर में नहाने गए दो किशोरों के साथ  शाम दर्दनाक हादसा हो गया। नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान चलाया, लेकिन एक किशोर की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे की देर रात तक तलाश जारी रही।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव खासपुर निवासी 14 वर्षीय कार्तिक पुत्र सत्यवीर और 13 वर्षीय गौरव पुत्र अशोक शाम के समय गांव हुडीना-खासपुर मार्ग पर स्थित नहर में नहाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों किशोर नहर के गहरे हिस्से में पहुंच गए और पानी के तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे।

नहर के पास मौजूद महिलाओं ने दोनों को डूबता देख शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए नहर में उतरकर दोनों की तलाश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद कार्तिक को बाहर निकाल लिया गया और गंभीर अवस्था में नागरिक अस्पताल नारनौल पहुंचाया गया। हालांकि चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

दूसरी ओर, गौरव का देर रात तक कोई पता नहीं चल सका। उसके कपड़े नहर किनारे मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह भी नहर के तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलने पर थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से सर्च अभियान शुरू किया।

अंधेरा होने के बावजूद पुलिस और स्थानीय लोग गौरव की तलाश में जुटे रहे। प्रशासन की ओर से भी बचाव कार्य को तेज किया गया है ताकि लापता किशोर का जल्द पता लगाया जा सके।

हादसे के बाद गांव खासपुर और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। कार्तिक के निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गौरव के स्वजन उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद में नहर किनारे डटे रहे। एक ही गांव के दो किशोरों के साथ हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here