हिसार। सूर्य नगर क्षेत्र में डेयरी संचालक की हत्या के बाद भड़का जनाक्रोश प्रशासन के आश्वासन के बाद शांत हो गया है। मामले में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर परिजनों, पंचग्रामी पंचायत और स्थानीय लोगों द्वारा किया जा रहा धरना समाप्त कर दिया गया है। वहीं शव के अंतिम संस्कार को लेकर आज परिजनों और पंचायत की बैठक में निर्णय लिया जाएगा।
हत्याकांड के विरोध में बड़ी संख्या में लोगों ने हिसार के व्यस्त जिंदल चौक पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि वारदात के कई घंटे बीत जाने के बावजूद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, जिससे लोगों में भारी रोष था। जिंदल चौक पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। पुलिस अधीक्षक द्वारा दो दिनों के भीतर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद धरना समाप्त किया गया। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए 50 लाख रुपये के मुआवजे तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने संबंधी सिफारिश सरकार और जिला प्रशासन को भेजने का आश्वासन भी दिया।
आश्वासन के कुछ घंटों बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रमेश की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह सूर्य नगर की गली नंबर-6 निवासी डेयरी संचालक जीवन अपनी बाइक-ट्रॉली से गोबर डालने जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है कि पड़ोस के रहने वाले रमेश, मोलड़ और उनके साथ 10 से 15 अन्य लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते जीवन को घेरकर बेरहमी से पीटा। हमले में उनके हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग पर अड़े हुए हैं।







