Home Haryana कांवड़ यात्रा को लेकर अंबाला पुलिस अलर्ट, जारी की विशेष एडवाइजरी

कांवड़ यात्रा को लेकर अंबाला पुलिस अलर्ट, जारी की विशेष एडवाइजरी

23
0

अंकुर कपूर, अंबाला। सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए अंबाला पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांवड़ यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष एडवाइजरी जारी करते हुए उनके लिए निर्धारित मार्ग तय किए हैं। साथ ही कांवड़ मार्गों से भारी वाहनों का डायवर्जन कर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अंबाला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजीत शेखावत ने बताया कि हर वर्ष हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने क्षेत्रों में लौटते हैं। इस दौरान कई स्थानों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष रूट निर्धारित किए गए हैं और उन मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।

एसपी ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए गए हैं, जबकि कई स्थानों पर पुलिस नाके भी स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ेगी, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए पुलिस बल की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने कांवड़ शिविर लगाने वाले आयोजकों को भी विशेष निर्देश जारी किए हैं। उन्हें हाईवे से कुछ दूरी पर शिविर स्थापित करने के लिए कहा गया है ताकि यातायात बाधित न हो और जाम जैसी स्थिति पैदा न हो। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के साथ-साथ आम लोगों को भी परेशानी से बचाना है।

एसपी अजीत शेखावत ने कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दें। जिस वाहन या मोटरसाइकिल से वे यात्रा कर रहे हैं, उसका विवरण भी प्रशासन के पास दर्ज करवाएं। इसके अलावा उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और किसी भी प्रकार की हुड़दंगबाजी से दूर रहने का आग्रह किया।

वहीं ट्रैफिक पुलिस भी पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर श्रवण कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रियों को निर्धारित सफेद पट्टी के भीतर चलने के लिए कहा जा रहा है। जिन मार्गों से कांवड़ यात्री गुजर रहे हैं, वहां से भारी वाहनों को डायवर्ट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित और सहज बनी रहे।

कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर अंबाला पुलिस की यह व्यवस्था महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रशासन का दावा है कि बेहतर समन्वय और निगरानी के जरिए यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here