सुंदर कुंडू | पलवल | पलवल जिले के गांव दुधौला स्थित श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में रविवार को जिला स्तरीय ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के खेल एवं युवा मामले तथा कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल के नादिया जिले से शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी अभियान का वर्चुअल प्रसारण भी प्रतिभागियों को दिखाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. दिनेश कुमार, पलवल के उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैसला सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य और नशामुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए 100 सप्ताह के राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत 2026’ की शुरुआत की है। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के खिलाफ जन आंदोलन से जोड़ना और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं से न केवल स्वयं नशे से दूर रहने, बल्कि नशे की गिरफ्त में फंसे लोगों को भी मुख्यधारा में वापस लाने का आह्वान किया है। पलवल जिले के हजारों युवाओं ने इस अभियान के तहत नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया है।
गौरव गौतम ने कहा कि यदि देश का युवा नशामुक्त रहेगा तो परिवार, समाज और राष्ट्र सभी मजबूत होंगे। उन्होंने बताया कि अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को देशभर में युवाओं के नेतृत्व में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना, सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करना और युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाना है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में ‘माई भारत’ स्वयंसेवकों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), युवा क्लबों, स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, गैर-सरकारी संगठनों, औद्योगिक संस्थाओं और आध्यात्मिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसे देश में मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ युवाओं के नेतृत्व वाला सबसे बड़ा जन आंदोलन बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
राज्य मंत्री ने बताया कि अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वयंसेवकों और संगठनों को 50वें, 75वें और 100वें सप्ताह पर सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने जिले के युवाओं, सामाजिक संगठनों और शिक्षण संस्थानों से इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत 2026’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर कर स्वस्थ, जागरूक और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनाना है। इससे विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।







