Home Haryana पानीपत शुगर मिल ने रचा इतिहास, रिकॉर्ड भाव पर बिकी 15 हजार...

पानीपत शुगर मिल ने रचा इतिहास, रिकॉर्ड भाव पर बिकी 15 हजार क्विंटल चीनी

13
0

पानीपत। पानीपत शुगर मिल ने चीनी बिक्री के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए हरियाणा की सरकारी चीनी मिलों के इतिहास में अब तक की सबसे ऊंची दर पर चीनी बेचने का रिकॉर्ड बनाया है। मिल ने राष्ट्रीय ई-मार्केट लिमिटेड (एनईएमएल) पोर्टल पर आयोजित लाइव बिडिंग के माध्यम से 15 हजार क्विंटल चीनी की बिक्री रिकॉर्ड 4725 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर की, जिससे मिल को करीब 7.09 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

शुगर मिल के प्रबंध निदेशक एवं एसडीएम नवदीप सिंह नैन ने बताया कि  एनईएमएल पोर्टल पर चीनी की ऑनलाइन बोली प्रक्रिया शुरू हुई थी। शुरुआती बोली 4600 रुपये प्रति क्विंटल से आरंभ हुई, लेकिन खरीदारों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के चलते कीमत लगातार बढ़ती गई। अंततः चीनी का सौदा 4725 रुपये प्रति क्विंटल के रिकॉर्ड भाव पर तय हुआ, जो राज्य की 11 सरकारी चीनी मिलों के इतिहास में अब तक का सर्वाधिक बिक्री मूल्य माना जा रहा है।

मिल प्रबंधन के अनुसार इस उपलब्धि से न केवल शुगर मिल की आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी, बल्कि भविष्य में किसानों को भुगतान और मिल के संचालन को भी मजबूती मिलेगी। अधिकारियों का मानना है कि बेहतर विपणन रणनीति और पारदर्शी ऑनलाइन बोली प्रक्रिया के कारण मिल को यह सफलता हासिल हुई है।

गौरतलब है कि पानीपत शुगर मिल इससे पहले भी रिकॉर्ड बिक्री का नया अध्याय लिख चुकी है। 24 जुलाई को मिल ने 18,522 क्विंटल शीरा (मोलासिस) की बिक्री 1700 रुपये प्रति क्विंटल के रिकॉर्ड भाव पर कर राज्य स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित किया था।

एमडी नवदीप सिंह नैन ने कहा कि चीनी और शीरा की रिकॉर्ड बिक्री से मिल की वित्तीय स्थिति और अधिक मजबूत होगी। इसका सकारात्मक लाभ गन्ना किसानों को भी मिलेगा और भविष्य में उनके हितों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि मिल प्रबंधन बेहतर व्यावसायिक रणनीतियों के माध्यम से लगातार नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रयासरत है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here