Home Haryana भिवानी में खुदाई के दौरान मिली हनुमान आकृति वाली विशाल पत्थरशिला, दर्शन...

भिवानी में खुदाई के दौरान मिली हनुमान आकृति वाली विशाल पत्थरशिला, दर्शन के लिए उमड़ रहे लोग

11
0

भिवानी। जिले के भिवानी बाइपास रिंग रोड क्षेत्र स्थित तिगड़ाना गांव में खेत की खुदाई के दौरान एक विशाल लाल पत्थरशिला मिलने से क्षेत्र में चर्चा और श्रद्धा का माहौल बन गया है। पत्थरशिला पर भगवान हनुमान की आकृति उकेरी हुई दिखाई देने के बाद बड़ी संख्या में लोग इसे देखने और दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं।

जानकारी के अनुसार तिगड़ाना निवासी नेहरू पुत्र हंसराज अपने खेत में फैक्ट्री के लिए टीन शेड निर्माण से पहले पानी के हौद की खुदाई करवा रहे थे। खुदाई के दौरान करीब पांच फुट की गहराई पर मजदूरों को लाल रंग का बड़ा पत्थर दिखाई दिया। इसके बाद जब खुदाई आगे बढ़ाई गई तो जमीन से लगभग सात फुट लंबी पत्थरशिला बाहर निकली, जिस पर हनुमान जी जैसी आकृति उकेरी हुई नजर आई।

शिला मिलने की खबर क्षेत्र में तेजी से फैल गई। शनिवार को इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आसपास के गांवों और शहर से लोग मौके पर पहुंचने लगे। ग्रामीणों के अनुसार अब तक सैकड़ों श्रद्धालु और जिज्ञासु लोग शिला के दर्शन कर चुके हैं। लोगों में इसे लेकर विशेष उत्सुकता बनी हुई है और कई लोग इसे धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मान रहे हैं।

घटना के बाद गांव में चर्चा का विषय बनी इस पत्थरशिला को देखने के लिए लगातार लोगों की आवाजाही बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार की शिला पहले कभी क्षेत्र में नहीं मिली, इसलिए इसके ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को लेकर भी उत्सुकता बनी हुई है।

उधर, मामले को लेकर पुरातत्व विभाग ने भी रुचि दिखाई है। पुरातत्व विभाग के अधिकारी डॉ. नरेंद्र परमार ने बताया कि विभाग को आधिकारिक सूचना मिलने के बाद विशेषज्ञों की टीम मौके का निरीक्षण करेगी। टीम पत्थरशिला की संरचना, लाल पत्थर की आयु, उस पर बनी आकृति तथा उसके ऐतिहासिक महत्व का वैज्ञानिक अध्ययन करेगी।

उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि शिला कितनी पुरानी है और इसका ऐतिहासिक या पुरातात्विक महत्व क्या है। फिलहाल इस खोज ने ग्रामीणों के साथ-साथ इतिहास और पुरातत्व में रुचि रखने वाले लोगों का भी ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here