अंबाला। अंबाला-कालाअंब राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोपहर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार बुजुर्ग दंपती की जान चली गई। तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव हमीदपुर निवासी संदीप कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी के मामा-मामी, राजकुमार (66) और जसवंत कौर (63), उनसे मिलने के लिए मोटरसाइकिल पर गांव हमीदपुर आ रहे थे। दोपहर करीब 12:48 बजे जब वह किसी कार्य से हाईवे पर बिंदल फर्नीचर के निकट पहुंचे, तभी उन्होंने सड़क की दूसरी ओर टोल प्लाजा की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार को आगे चल रही बाइक से टकराते देखा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दंपती बाइक सहित सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वे मौके पर ही अचेत हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए, लेकिन भीड़ बढ़ती देख कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तत्काल एंबुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल नारायणगढ़ पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार कार चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। दंपती की अचानक मौत से परिवार में शोक की लहर है, जबकि क्षेत्र में भी घटना को लेकर गहरा दुख जताया जा रहा है।







