Home Haryana कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी की मौत मामले में नया मोड़,...

कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी की मौत मामले में नया मोड़, दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज

12
0

रोहतक। अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू उर्फ टिंकू बल्हारा की पत्नी मुस्कान बल्हारा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतका के पिता ने बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मानसिक उत्पीड़न और धमकियां देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर बहुअकबरपुर थाना पुलिस ने शीलू बल्हारा सहित उसके परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फरमाणा गांव निवासी सुखबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी मुस्कान की शादी दिसंबर 2023 में बहुअकबरपुर निवासी अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू उर्फ टिंकू बल्हारा से हुई थी। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज को लेकर ताने देने लगे और लगातार अतिरिक्त मांगें करते रहे। परिवार ने कई बार आर्थिक दबाव झेलते हुए उनकी मांगें पूरी कीं, लेकिन इसके बावजूद मुस्कान को प्रताड़ित किया जाता रहा।

मृतका के पिता का आरोप है कि मुस्कान को पति के कथित अन्य महिलाओं से संबंधों की जानकारी मिल गई थी, जिसके बाद घर में विवाद बढ़ गया। उनका दावा है कि इस संबंध में मुस्कान के पास कुछ सबूत भी थे। आरोप है कि इसी वजह से उसे धमकियां दी जाती थीं और बात बाहर आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जाती थी। हालांकि आरोपी पक्ष ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद बताया है।

सुखबीर के अनुसार, वैवाहिक विवादों के चलते मुस्कान कई बार मायके में रही, लेकिन परिवार और पंचायत स्तर पर समझौते के प्रयासों के बाद उसे वापस ससुराल भेज दिया जाता था। उन्होंने बताया कि करीब 15 दिन पहले भी मुस्कान मायके आई थी, लेकिन समझाने के बाद उसे वापस भेज दिया गया। पिता का कहना है कि अब उन्हें अफसोस है कि यदि उस समय बेटी को ससुराल न भेजा होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।

परिजनों का दावा है कि घटना वाले दिन मुस्कान ने फोन कर बताया था कि उसे नुकसान पहुंचाने की साजिश रची जा रही है। बाद में संपर्क न होने पर परिवार बहुअकबरपुर पहुंचा, जहां घर में मुस्कान का शव मिला। मृतका के पिता ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

बहुअकबरपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने बताया कि मृतका के पिता के बयान के आधार पर पति शीलू उर्फ टिंकू बल्हारा, पिता सुरेंद्र, मां निशा और भाई मनीष के खिलाफ दहेज मृत्यु एवं साजिश से संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here