चरखी दादरी: हरियाणा में आग लगने की घटनाएं बढ़ती ही जा रही है। आए दिन ऐसी खबरों से रू-ब-रू होना पड़ता है। ऐसी ही एक घटना चरखी दादरी में कस्बा बाढड़ा क्षेत्र में गांव टोडी के समीप शुक्रवार सुबह हुई। जहां एक निजी चलती स्कूल बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने से बस धूं-धूं कर जली। हालांकि ड्राइवर की सुझबूझ के चलते बस में सवार सभी बाल-बा बचे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बस में शार्ट सर्किट के चलते आग लगी थी। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है। मीडिया के हवाले से स्कूल की बस बच्चों को लेने गांव पिचौपा की ओर जा रही थी। बस जब बाढडा-झोझू रोड पर गांव टोडी के समीप पहुंची तो अचानक बस में आग लग गई। आग बुझने तक बस को काफी नुकसान पहुंच चुका था। बता दें कि हरियाणा के पंचकूला में सेक्टर-9 स्थित मार्केट में शनिवार देर रात 12:30 बजे कई दुकानें जलकर राख हो गई थी।







