Home Haryana ब्लड बैंक गबन मामले में लेखाकार बर्खास्त, 19 लाख की हेराफेरी

ब्लड बैंक गबन मामले में लेखाकार बर्खास्त, 19 लाख की हेराफेरी

7
0

झज्जर।झज्जर के नागरिक अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में लाखों रुपये के कथित गबन मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी लेखाकार अखिल को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। विभागीय जांच में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की पुष्टि होने के बाद यह कदम उठाया गया। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए स्वास्थ्य विभाग ने मुख्यालय को भी रिपोर्ट भेजी थी।

जानकारी के अनुसार अखिल राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत लेखाकार के पद पर कार्यरत था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसने पिछले तीन वर्षों के दौरान निजी अस्पतालों को उपलब्ध कराए गए रक्त की राशि को सरकारी खाते में जमा कराने के बजाय कथित तौर पर अपने पास रख लिया। जांच में अब तक 19 लाख 14 हजार 800 रुपये की वित्तीय गड़बड़ी सामने आई है।

जांच रिपोर्ट के मुताबिक 6 मई 2025 को स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा ब्लड बैंक की राशि संग्रहण संबंधी जिम्मेदारी अखिल से लेकर डाटा मैनेजर कम अकाउंटेंट राजीव को सौंपने के निर्देश जारी किए गए थे। हालांकि आरोप है कि अखिल ने नए नियुक्त कर्मचारी को चार्ज देने से इनकार कर दिया और लगातार टालमटोल करता रहा।

सूत्रों के अनुसार राजीव ने इस संबंध में उच्च अधिकारियों को मौखिक रूप से अवगत भी कराया था, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। आरोप है कि जिम्मेदारी से हटाए जाने के बावजूद अखिल मई 2025 से लेकर मार्च 2026 तक ब्लड बैंक की वित्तीय वसूली और संग्रहण से जुड़ा कार्य करता रहा।

मामले के उजागर होने के बाद विभाग ने विस्तृत जांच कराई, जिसमें वित्तीय अनियमितताओं के कई तथ्य सामने आए। इसके आधार पर आरोपी लेखाकार को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे भी जांच जारी है और यदि अतिरिक्त वित्तीय अनियमितताएं सामने आती हैं तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को सरकारी धन के दुरुपयोग के मामलों में जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अब मामले में आगे की कानूनी और विभागीय प्रक्रिया पर नजर बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here