फतेहाबाद। हरियाणा के फतेहाबाद में जिला न्यायिक परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर को खाली करवा दिया गया।
जानकारी के अनुसार सेशन कोर्ट को प्राप्त ई-मेल में जिला न्यायालय और डीसी कार्यालय को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। संदेश में निर्धारित समय का उल्लेख करते हुए दावा किया गया कि दोपहर 2:11 बजे जिला कोर्ट और 3:11 बजे डीसी कार्यालय को विस्फोट से उड़ाया जाएगा। धमकी भरे संदेश के सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए न्यायिक परिसर को खाली कराकर आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। कोर्ट परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार को बंद कर दिया गया है और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। पुलिस टीमों ने परिसर के भीतर और आसपास गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
प्रशासन ने हिसार से बम निरोधक दस्ते (बम स्क्वायड) और अन्य विशेषज्ञ टीमों को भी मौके पर बुलाया है। सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल के स्रोत और उसके पीछे की सच्चाई का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच में जुटी हैं। साइबर विशेषज्ञों की मदद से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि धमकी किस स्थान और किस व्यक्ति द्वारा भेजी गई।
बताया जा रहा है कि फतेहाबाद में इससे पहले भी दो बार इसी प्रकार की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि पूर्व के मामलों में कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई थी, लेकिन प्रशासन इस बार किसी भी तरह का जोखिम लेने के पक्ष में नहीं है। इसी कारण सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक स्तर पर जांच और निगरानी शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और हर पहलू की जांच की जा रही है। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही परिसर में सामान्य गतिविधियां बहाल की जाएंगी। वहीं, जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।







