गुहला-चीका। खरौदी रोड स्थित भगवान श्री परशुराम धर्मशाला समिति द्वारा आयोजित भगवान परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम में हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने पहुलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और केंद्र सरकार की आतंकवाद के प्रति सख्त नीति की सराहना की।
महापुरुषों के विचारों को आगे बढ़ा रही सरकार
कार्यक्रम में संबोधन के दौरान डॉ. शर्मा ने भगवान परशुराम के जीवन आदर्शों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर धर्म की स्थापना की और समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी महापुरुषों की जयंती मनाने की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं, जिसकी शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की थी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व को “अंत्योदय की भावना” से प्रेरित बताया और कहा कि आज प्रदेश में योग्यता के आधार पर लाखों युवाओं को रोजगार मिल रहा है।
विकास कार्यों की दी जानकारी
मंत्री ने जानकारी दी कि कैथल के सांपनखेड़ी में भगवान परशुराम के नाम से ₹600 करोड़ की लागत से भव्य परिसर का निर्माण जारी है, वहीं भिवानी में पंडित नेकीराम शर्मा के नाम पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना इस बात का प्रमाण है कि सरकार संत-महापुरुषों के सम्मान में कोई कसर नहीं छोड़ रही।
धर्मशाला को दी आर्थिक सहायता
समारोह में डॉ. अरविंद शर्मा ने समिति को वैदिक एवं ज्योतिष पाठशाला निर्माण के लिए अपने स्वैच्छिक कोष से ₹21 लाख की सहायता देने की घोषणा की। इस मौके पर पूंडरी विधायक सतपाल जाम्बा ने भी समिति को ₹11 लाख देने की घोषणा की।







