Home Haryana फरीदाबाद की कुमाऊं मंदिर रोड पर सीवर ओवरफ्लो, 100 परिवार परेशान

फरीदाबाद की कुमाऊं मंदिर रोड पर सीवर ओवरफ्लो, 100 परिवार परेशान

6
0

फरीदाबाद। एनआईटी क्षेत्र के वार्ड-6 में सीवर ओवरफ्लो की समस्या ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कुमाऊं मंदिर रोड पर करीब दो किलोमीटर तक गंदा पानी जमा होने से 100 से अधिक परिवार प्रभावित हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और स्कूली बच्चों को भी रोजाना गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले करीब एक महीने से सड़क पर सीवर का पानी भरा हुआ है। सीवर लाइन पूरी तरह जाम होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे आवागमन के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ गए हैं।

स्थानीय निवासी राम सिंह ने बताया कि वार्ड-6 में सीवर सफाई के लिए 22 लाख रुपये खर्च किए जाने का दावा किया गया था, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति बिल्कुल अलग नजर आ रही है। उनका कहना है कि सड़क पर फैला सीवर का पानी सफाई व्यवस्था की वास्तविक तस्वीर बयां कर रहा है।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार स्थानीय पार्षद गायत्री देवी और नगर निगम अधिकारियों को शिकायत व ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।

वहीं, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता सतपाल ने बताया कि सीवर सफाई के लिए टेंडर जारी किया गया था, लेकिन किसी एजेंसी ने काम करने में रुचि नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि फिलहाल लोगों को राहत देने के लिए सेक्शन टैंकर की मदद से सीवर लाइन की सफाई कराई जाएगी, ताकि जलभराव की समस्या को जल्द कम किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here