Home Accident गुरुग्राम में तेज रफ्तार थार ने कार को मारी टक्कर : चार...

गुरुग्राम में तेज रफ्तार थार ने कार को मारी टक्कर : चार घायल, नशे में धुत युवक हिरासत में

3
0

गुरुग्राम। गुरुग्राम के पुराने शहर स्थित सोहना चौक पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार थार एसयूवी ने एक बलेनो कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बलेनो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि थार सड़क पर पलट गई। हादसे में बलेनो में सवार परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में लिया है, जबकि उसके दो साथी फरार बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब पांच बजे उस समय हुआ जब एक परिवार बलेनो कार से खाटूश्याम मंदिर के दर्शन के लिए जा रहा था। जैसे ही उनकी कार शिवाजी नगर से रेलवे रोड (अलवर रोड) की ओर पहुंची, तेज रफ्तार थार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के प्रभाव से बलेनो कार के एयरबैग खुल गए, लेकिन इसके बावजूद उसमें सवार एक पुरुष और तीन महिलाएं घायल हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद थार भी अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन में तीन युवक सवार थे। हादसे के तुरंत बाद दो युवक मौके से भाग निकले, जबकि तीसरा युवक वाहन में फंस गया। स्थानीय लोगों ने बलेनो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की सूचना दी।

मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि थार में सवार युवक शराब के नशे में था। वाहन में फंसा युवक बाहर निकलने के बाद लोगों से अभद्र व्यवहार करने लगा और खुद को प्रभावशाली परिवार से जुड़ा बताकर धौंस जमाने की कोशिश करता रहा। इसके बावजूद स्थानीय लोगों ने उसे वाहन से बाहर निकाला और पुलिस के आने तक मौके पर रोके रखा।

सूचना मिलने पर शिवाजी नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल परिवार को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने नशे में होने के संदेह में युवक को हिरासत में लेकर उसकी थार एसयूवी को कब्जे में ले लिया है। साथ ही फरार हुए दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है और मेडिकल जांच सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here