सुंदर कुंडू , होडल (पलवल)। पलवल जिले के होडल स्थित उपमंडल न्यायिक परिसर में अधिवक्ताओं के लिए आधुनिक चैंबर भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार मिश्रा ने वर्चुअल माध्यम से भवन की आधारशिला रखी। इस परियोजना के पूरा होने के बाद अधिवक्ताओं को आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्थायी कार्यस्थल मिलेगा, जिससे न्यायिक कार्यों के संचालन में भी अधिक सुगमता आएगी।
कार्यक्रम में हरियाणा बिल्डिंग कमेटी के चेयरमैन न्यायमूर्ति हर सिमरन सिंह सेठी, न्यायमूर्ति राजेश भारद्वाज, न्यायमूर्ति संदीप मुदगिल, न्यायमूर्ति कुलदीप तिवारी, पलवल सेशन डिवीजन के प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति हरप्रीत सिंह बराड़, न्यायमूर्ति शालिनी सिंह और न्यायमूर्ति आराधना साहनी सहित कई न्यायाधीश वर्चुअल और प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए। वहीं, पलवल के उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, बार एसोसिएशन पलवल के अध्यक्ष एडवोकेट जोगेंद्र चौहान, सचिव लेखन सिंह सोरोत तथा बड़ी संख्या में अधिवक्ता और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
58 ट्विन-शेयरिंग चैंबर्स का होगा निर्माण
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार मिश्रा ने कहा कि होडल में अधिवक्ताओं के लिए बनने वाला नया लॉयर्स कॉम्प्लेक्स न्यायिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगा। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य वातावरण मिलने से अधिवक्ता अधिक प्रभावी ढंग से अपने दायित्व निभा सकेंगे और न्यायालय आने वाले वादकारियों को भी सम्मानजनक एवं सुविधाजनक माहौल मिलेगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में कई स्थानों पर अधिवक्ताओं को टिन शेड के नीचे बैठकर काम करना पड़ता है, जिससे गर्मी, सर्दी और बारिश के मौसम में उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आधुनिक चैंबर भवन बनने से इन समस्याओं का समाधान होगा और न्यायिक व्यवस्था की कार्यक्षमता में भी सुधार आएगा।
न्याय तक आसान पहुंच का माध्यम बनेगा भवन
न्यायमूर्ति मिश्रा ने कहा कि इस भवन को केवल एक निर्माण परियोजना के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह न्याय तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने भवन निर्माण समिति और प्रशासनिक अधिकारियों से परियोजना को बिना किसी अनावश्यक देरी के जल्द पूरा कराने का आह्वान किया, ताकि अधिवक्ताओं को शीघ्र आधुनिक सुविधाओं से लैस बार परिसर उपलब्ध कराया जा सके।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बताया ऐतिहासिक दिन
जिला एवं सत्र न्यायाधीश राज गुप्ता ने कहा कि होडल न्यायिक परिसर के लिए यह एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने बताया कि अधिवक्ताओं के लिए 58 ट्विन-शेयरिंग चैंबर्स का निर्माण न्यायिक अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। इससे विधिक समुदाय को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और न्याय वितरण प्रणाली और अधिक प्रभावी बनेगी।
बार एसोसिएशन ने जताया आभार
होडल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट कपिल देव सोरोत ने कहा कि यह दिन बार एसोसिएशन के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होगा। उन्होंने कहा कि वर्षों से अधिवक्ताओं के लिए आधुनिक चैंबर भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। उन्होंने इस सौगात के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट, कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश और भवन निर्माण समिति का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक चैंबर भवन बनने से अधिवक्ताओं की कार्यक्षमता बढ़ेगी और न्यायिक सेवाओं की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।







