चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त 19 जुलाई से पांच दिवसीय जिला दौरे की शुरुआत करेंगे। पहले चरण में वह पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र और करनाल का दौरा करेंगे। इस दौरान वह पार्टी नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने इस संबंध में कार्यक्रम जारी कर सभी संबंधित नेताओं और पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
दौरे के दौरान संजय दत्त जिला कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों, अग्रणी संगठनों के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे। इन बैठकों में प्रत्येक जिले की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की मजबूती, जनहित के मुद्दों और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर पार्टी के सामने मौजूद चुनौतियों और कार्यकर्ताओं के सुझावों को भी गंभीरता से सुना जाएगा।
कांग्रेस नेतृत्व इस दौरे को संगठन को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रहा है। पार्टी का उद्देश्य जमीनी स्तर से फीडबैक लेकर संगठन की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाना है। बैठकों में निर्वाचन आयोग के मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा भी की जाएगी। इसके अलावा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत जिलों में चल रही गतिविधियों और उनकी प्रगति पर भी चर्चा होगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सभी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अधिक से अधिक संख्या में बैठकों में शामिल होने की अपील की है। उनका कहना है कि जमीनी स्तर से प्राप्त सुझावों और कार्यकर्ताओं के अनुभव के आधार पर संगठन को और मजबूत किया जाएगा, ताकि भविष्य के राजनीतिक कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।







