Home Accident केएमपी एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा :ट्रक की टक्कर से पुलिसकर्मी की मौत,...

केएमपी एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा :ट्रक की टक्कर से पुलिसकर्मी की मौत, एएसआई गंभीर

2
0

तावड़ू (नूंह)। हरियाणा के नूंह जिले के तावड़ू उपमंडल में गुरुवार सुबह कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोवंश से भरे एक वाहन पर कार्रवाई के दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में एक पुलिसकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, पुनहाना सीआईए टीम को गोवंश से भरे एक वाहन के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान तकनीकी खराबी आने के कारण वाहन केएमपी एक्सप्रेसवे पर गांव गोयला के पास सड़क किनारे खड़ा करना पड़ा। पुलिसकर्मी वाहन के पास मौजूद रहकर आगे की कार्रवाई कर रहे थे।

इसी बीच मानेसर की ओर से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़े गोवंश से भरे वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के पास खड़े पुलिस जवान गिरीश ट्रक की चपेट में आ गए और टायर के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में एएसआई मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी साहिल बाल-बाल बच गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मदपुर अहिर थाना पुलिस, धुलावट ट्रैफिक थाना पुलिस, सीआईए तावड़ू और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायल एएसआई को उपचार के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

नूंह पुलिस के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने गोवंश से भरे वाहन और हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रक, दोनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here