फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद में छह माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने पति सहित पांच ससुरालीजनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। मृतका के मायके पक्ष की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार, खेड़ी थाना क्षेत्र के बादशाहपुर गांव निवासी 27 वर्षीय अंजलि की सुबह अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद दोनों पक्ष पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचे, जहां शव के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
मायके पक्ष का कहना था कि अंजलि का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव में किया जाएगा, जबकि ससुराल पक्ष का दावा था कि वह उनके परिवार की बहू थी, इसलिए अंतिम संस्कार का अधिकार उन्हें है। विवाद देखते ही देखते बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर हाथापाई शुरू हो गई। इसके बाद अस्पताल परिसर में दोनों ओर से पत्थरबाजी भी हुई, जिसमें दोनों पक्षों के दो से तीन लोग घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में पुलिस की मौजूदगी में अंजलि का शव मायके पक्ष को सौंप दिया गया।
मृतका के भाई अंकित, निवासी एसजीएम नगर सी-ब्लॉक, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अंजलि की शादी मार्च 2019 में बादशाहपुर निवासी मनोज के साथ हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अंजलि पर पांच लाख रुपये लाने का दबाव बना रहा था और उसे लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
शिकायत के अनुसार, घटना वाले दिन सुबह करीब 9:40 बजे अंजलि ने अपनी मां को फोन कर बताया था कि ससुराल वाले उससे नाराज हैं और उसे तुरंत वहां से ले जाने के लिए कहा। इसके करीब 20 मिनट बाद परिजनों को अंजलि की मौत की सूचना मिली। मायके पक्ष का आरोप है कि उसकी हत्या की गई है।
पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर पति मनोज, ससुर रोहताश, जेठ विक्रम, जेठानी पूनम और सास प्रेम के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







