फरीदाबाद। जीवन नगर स्थित ईदगाह के पास बने एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) में मंगलवार सुबह सफाई कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टैंक की सफाई के लिए अंदर उतरे दो कर्मचारी संदिग्ध जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए और टैंक के भीतर ही फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और दोनों कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, एसटीपी प्लांट के रखरखाव का कार्य एक निजी ठेकेदार के अधीन है। मंगलवार सुबह करीब छह बजे कर्मचारी अनमोल सफाई के लिए टैंक में उतरा था। कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर टैंक के अंदर गिर पड़ा। अनमोल के बाहर न आने पर उसका ममेरा भाई आकाश, जो उसी प्लांट में कार्यरत है, उसे बचाने के लिए टैंक में उतरा। हालांकि अंदर पहुंचते ही वह भी बेहोश हो गया और टैंक में फंस गया।
दोनों कर्मचारियों को संकट में देखकर विपिन नामक एक अन्य कर्मचारी उन्हें बाहर निकालने के लिए टैंक में उतरा, लेकिन जहरीली गैस के प्रभाव से उसकी भी तबीयत बिगड़ने लगी। स्थिति को भांपते हुए बाहर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत उसे खींचकर बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई। इसके बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और राहत एजेंसियों को सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि अनमोल और आकाश दोनों एसटीपी प्लांट परिसर में ही रहते हैं। हादसे के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया। प्रारंभिक जांच में टैंक के भीतर जहरीली गैस जमा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल दोनों कर्मचारियों को बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रशासन ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखी है और रेस्क्यू टीमों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।







