Home Haryana फरीदाबाद में करंट लगने से राजमिस्त्री की मौत, मकान मालिक पर लापरवाही...

फरीदाबाद में करंट लगने से राजमिस्त्री की मौत, मकान मालिक पर लापरवाही का मामला दर्ज

2
0

अनिल मंगला ,फरीदाबाद। भूपानी थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान पर काम करते समय करंट लगने से एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने मकान मालिक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान 56 वर्षीय ब्रजकिशोर के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी के साथ खेड़ी के पास भारत कॉलोनी में किराये के मकान में रहते थे और राजमिस्त्री का काम करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार वह गांव भूपानी स्थित गणेश कॉलोनी में विजय नामक व्यक्ति के निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल पर काम करने गए थे।

बताया गया है कि मकान के ऊपर से हाईटेंशन बिजली की लाइन गुजर रही थी। निर्माण कार्य के दौरान किसी सामान का संपर्क बिजली की लाइन से हो गया, जिससे ब्रजकिशोर को जोरदार करंट लगा। करंट लगने के कारण वह दूसरी मंजिल से नीचे गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

मृतक के बेटे बबलेश ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि मकान मालिक को हाईटेंशन लाइन से जुड़े खतरे की पूरी जानकारी थी, लेकिन इसके बावजूद उसने सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए और निर्माण कार्य जारी रखा। उन्होंने अपने पिता की मौत के लिए मकान मालिक को जिम्मेदार ठहराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

भूपानी थाना के जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर कमल कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मकान मालिक विजय के खिलाफ लापरवाही से मौत होने का मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here