Home Haryana महिला की गुहार सुन भावुक हुए के मुख्यमंत्री सैनी, अधिकारियों को दी...

महिला की गुहार सुन भावुक हुए के मुख्यमंत्री सैनी, अधिकारियों को दी चेतावनी

6
0

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान एक महिला की दर्दभरी शिकायत ने सभी को भावुक कर दिया। लाडवा विधानसभा क्षेत्र के शिवाला रामकुंडी में आयोजित कार्यक्रम में मेहरा गांव की महिला प्रियंका ने खेत के रास्ते का विवाद उठाते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वह अपने बेटे के साथ जहर खाकर आत्महत्या कर लेगी।

महिला ने बताया कि उनके खेत के रास्ते में ट्रांसफार्मर और बिजली के खंभे लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया है, जिससे खेती करना मुश्किल हो गया है। उसने कहा कि अब तक 19 शिकायतें देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई और उन्हें लगातार धमकियां भी मिल रही हैं। अपनी बात रखते हुए महिला भावुक होकर रोने लगी।

महिला की शिकायत सुनते ही मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अधिकारियों को कड़े शब्दों में फटकार लगाई। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जवाब तलब किया और एसडीएम लाडवा को मामले की जांच के निर्देश दिए। साथ ही एसपी को धमकी देने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आम लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगवाने वाले अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जनसंवाद कार्यक्रम में कुल 338 शिकायतें दर्ज की गई थीं। मुख्यमंत्री ने शुरुआत में मंच से कुछ शिकायतें सुनीं, लेकिन बाद में लोगों के बीच पहुंचकर सीधे शिकायतकर्ताओं से बातचीत की और अधिकारियों को मौके पर ही समाधान करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने लाडवा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में क्षेत्र में 807 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं और 74 में से 38 घोषणाओं का काम पूरा हो चुका है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here