यमुनानगर | हरियाणा के यमुनानगर जिले के रादौर क्षेत्र के भूरेवाला गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब देर रात अज्ञात हमलावरों ने पूर्व सरपंच के घर को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। बाइक पर सवार तीन युवक रात के समय गांव में पहुंचे और घर पर लगभग 12 से 15 राउंड गोलियां दाग दीं।
इस अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई हालांकि, राहत की बात यह रही कि परिवार के सदस्य इस हमले में सुरक्षित बच गए और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी हु है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
लगातार हो रही ऐसी फायरिंग की घटनाओं ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







