गुरुग्राम |हरियाणा में वाहन चालकों के लिए एक बार फिर सफर महंगा होने जा रहा है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से प्रदेश के एक दर्जन से अधिक टोल प्लाजा पर टोल दरों में बढ़ोतरी की तैयारी है। यह नई दरें 1 अप्रैल से लागू होंगी।
जानकारी के अनुसार, टोल शुल्क में लगभग 4 से 5 प्रतिशत तक की वृद्धि की संभावना है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर रोजाना यात्रा करने वाले लाखों वाहन चालकों पर पड़ेगा, जिन्हें अब यात्रा के लिए अधिक भुगतान करना होगा।
प्रदेश के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे (NH-48) पर स्थित खेड़की दौला टोल प्लाजा पर भी टोल दरों में संशोधन किया जाएगा। यहां से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों को अतिरिक्त खर्च का सामना करना पड़ेगा। खासकर निजी कार चालकों पर इसका अधिक प्रभाव देखने को मिलेगा।
NHAI की अधिसूचना के मुताबिक, विभिन्न श्रेणियों के वाहनों के टोल शुल्क में औसतन करीब पांच रुपये तक की वृद्धि की गई है। यह वृद्धि पिछले छह महीनों में दूसरी बार की जा रही है। इससे पहले नवंबर 2025 में भी टोल दरों में लगभग 15 रुपये तक का इजाफा किया गया था।
लगातार हो रही टोल दरों में बढ़ोतरी से आम यात्रियों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों के खर्च में इजाफा होगा। इससे न केवल निजी वाहन चालकों बल्कि परिवहन सेवाओं पर भी असर पड़ने की संभावना है।







