गोहाना | हरियाणा रोडवेज ने गोहाना से सोनीपत और दिल्ली रूट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए बस किराया बढ़ाने का निर्णय लिया है। यह फैसला राष्ट्रीय राजमार्ग 352-ए पर मोहाना के पास नया टोल प्लाजा शुरू होने के बाद लिया गया है। बढ़ी हुई दरें शनिवार से लागू हो गई हैं।
अब गोहाना से सोनीपत तक बस किराया 40 रुपये से बढ़कर 45 रुपये हो गया है। इसी तरह, गोहाना से दिल्ली का किराया 85 रुपये से बढ़ाकर 90 रुपये कर दिया गया है। विभाग के अनुसार, टोल लगने से रोडवेज की परिचालन लागत बढ़ गई है, इसलिए किराया संशोधन अनिवार्य हुआ।
डीआई सतीश कुमार ने जानकारी दी कि यह बढ़ोतरी केवल गोहाना- सोनीपत तक सीमित नहीं है, बल्कि इस रूट पर पड़ने वाले सभी गांवों के बस स्टॉप पर भी लागू की गई है। यानी हर स्टॉप पर यात्रियों को अब पांच रुपये अधिक चुकाने होंगे।
गोहाना- सोनीपत रूट हरियाणा के प्रमुख मार्गों में गिना जाता है, जिस पर प्रतिदिन हजारों यात्री सफर करते हैं। इस रूट पर हर 15 मिनट में बस सेवा उपलब्ध रहती है। रोडवेज का कहना है कि किराया वृद्धि से सेवा संचालन सुचारू रूप से जारी रखा जा सकेगा।







