फरीदाबाद | केंद्र सरकार ने हरियाणा के फरीदाबाद को लेकर कई अहम मेट्रो और रेल परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में गुरुग्राम-फरीदाबाद और फरीदाबाद-जेवर एयरपोर्ट के बीच रैपिड मेट्रो लाइन, तथा बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो विस्तार योजना को स्वीकृति प्रदान की गई।
इसके साथ ही, दिल्ली के सराय काले खां से राजस्थान के अलवर तक ‘नमो भारत ट्रेन’ चलाने को भी मंजूरी दी गई है। यह परियोजना न केवल NCR क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी बल्कि रोजगार और विकास के नए अवसर भी लेकर आएगी।
केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने इस निर्णय की जानकारी केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर को दी। फिलहाल गुर्जर बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं और 4 नवंबर को दिल्ली लौटेंगे।
कृष्णपाल गुर्जर ने जताया आभार
गुर्जर ने कहा कि यह परियोजना फरीदाबाद के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार जताते हुए कहा कि इस मेट्रो और रैपिड रेल नेटवर्क से न केवल फरीदाबाद बल्कि पूरे दक्षिण हरियाणा को नई पहचान मिलेगी।
परियोजनाओं का प्रभाव
गुर्जर के 10 साल के कार्यकाल में पहले ही फरीदाबाद-बल्लभगढ़ में मेट्रो सेवा शुरू की जा चुकी है। अब फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट और बल्लभगढ़ से पलवल की नई मेट्रो कड़ी इस क्षेत्र को दिल्ली-NCR और यमुना एक्सप्रेसवे से सीधे जोड़ेगी।
22 स्टेशन होंगे शामिल
नई नमो भारत रेल परियोजना के तहत गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक 72.2 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड ट्रैक बनाया जाएगा, जिसमें 22 स्टेशन शामिल होंगे। खास बात यह है कि मेट्रो और नमो भारत ट्रेन दोनों एक ही ट्रैक पर चलेंगी।
इस परियोजना की डीपीआर (DPR) केंद्र सरकार को भेज दी गई है। साथ ही सराय काले खां से बनारस तक प्रस्तावित हाईस्पीड बुलेट ट्रेन का स्टेशन भी जेवर एयरपोर्ट के GTC परिसर में बनाया जाएगा।







