अंबाला। हरियाणा के अंबाला कैंट क्षेत्र में टांगरी नदी से एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मामला गुरुवार सुबह लगभग 9 बजे का है, जब विश्वकर्मा नगर इलाके में स्थानीय लोगों ने नदी के सरकंडों के बीच एक युवक का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही महेश नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकाला। शव के पास से कुछ दवाइयां भी बरामद हुई हैं, जिनकी प्रकृति की पुष्टि फिलहाल पुलिस ने नहीं की है।
पुलिस ने शव को कैंट के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया है। फॉरेंसिक टीम द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि “प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। मौत के कारणों का पता लगाने और संभावित सुराग जुटाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।”
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सुबह टहलने के दौरान जब वे नदी किनारे पहुंचे, तो कीचड़ और सरकंडों के बीच शव पड़ा दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस अब युवक की पहचान और मौत की परिस्थितियों की जांच में जुटी है।







