यमुनानगर | जिंदा पत्नी का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के आरोप में पुलिस ने पति को नामजद किया है। बूड़िया निवासी समीना ने बताया कि उसके पति लियाकत ने 2016 में उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया और दूसरी शादी कर ली। आरोप है कि लियाकत ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर उसका फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाया ताकि उसका नाम सरकारी दस्तावेजों से हटा दिया जाए और वह किसी सरकारी लाभ का दावा न कर सके।
समीना ने बताया कि उसके पहचान पत्र दयालगढ़ में बने हुए हैं। लगभग तीन साल पहले लियाकत और उसके पिता यूसुफ ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिला के सरसावां स्वास्थ्य केंद्र से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया। इसमें मृत्यु का स्थान भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरसावां दिखाया गया।
महिला का आरोप है कि उसके ससुराल वालों ने यह कदम इसलिए उठाया ताकि वह भविष्य में किसी भी प्रकार की संपत्ति में हिस्सा न मांग सके। पुलिस ने मामले की जांच के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।







