हरियाणा | हरियाणा में लगातार हो रही बारिश ने कई जिलों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राज्य के प्रशासन ने 13 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग (IMD) ने अंबाला, यमुनानगर, मेवात और पलवल में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, पंचकूला, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम और फरीदाबाद में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम रिपोर्ट के अनुसार, मारकंडा नदी में इस समय 25,000 क्यूसेक पानी बह रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में प्रशासन ने सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। यमुना नदी का जलस्तर थोड़ी कमी के साथ अब स्थिर हुआ है। हथिनीकुंड बैराज पर शुक्रवार शाम 90,926 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया था, जो अब घटकर 50,000 क्यूसेक से कम हो गया है।
वहीं टांगरी नदी में भी उफान की स्थिति सामान्य होने लगी है। रिहायशी इलाकों में भरा पानी उतरने लगा है और लोग धीरे-धीरे अपने घर लौट रहे हैं।







