हरियाणा | हरियाणा की सैनी सरकार ने नूंह से राजस्थान के तिजारा तक 45 किलोमीटर लंबी नई सड़क बनाने की योजना को हरी झंडी दे दी है। पहले चरण में सड़क का भौगोलिक सर्वे किया जाएगा, जिसके बाद PWD की कंसलटेंट एजेंसी प्रोजेक्ट की DPR तैयार करेगी और फिर टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।
यह सड़क हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच धार्मिक पर्यटन और व्यापार को नई रफ्तार देगी। मौजूदा सड़क संकरी और लंबी है, जबकि नए मार्ग से 15 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। प्रस्तावित सड़क अरावली वन क्षेत्र के चार किलोमीटर हिस्से से गुजरेगी, जहां पौधारहित पहाड़ियों को तोड़कर नया रास्ता बनाया जाएगा।
इस परियोजना की शुरुआत साल 2019 में हुई थी, जब नूंह के नगीना से तिजारा को जोड़ने के लिए 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य शुरू किया गया था। लेकिन कोरोना महामारी के दौरान काम रुक गया। बाद में कंपनी ने अरावली की चट्टानें तोड़ने के लिए अतिरिक्त बजट की मांग की, जिसे सरकार ने ठुकरा दिया था। अब एक बार फिर इस योजना को मंजूरी मिल गई है और काम को जल्द शुरू करने की तैयारी है।







