जगाधरी | बाराबंकी-गोंडा रेलखंड पर नई रेल लाइन बिछाने के लिए इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का कार्य तेजी से जारी है। इस कार्य के चलते रेलवे ने 5 जुलाई तक ब्लॉक लिया है, जिससे यमुनानगर-जगाधरी स्टेशन से होकर गुजरने वाली तीन ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी बदलाव किया गया है।
रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अब ये ट्रेनें गोंडा-बस्ती मार्ग की बजाय अयोध्या और वाराणसी रूट से होकर चलाई जाएंगी।
बदले गए ट्रेनों के रूट इस प्रकार हैं:
- गाड़ी संख्या 14617 जनसेवा एक्सप्रेस (अमृतसर से पूर्णिया कोर्ट): अब यह ट्रेन रोजा, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या कैंट, मनकापुर जंक्शन के रास्ते चलाई जाएगी।
- गाड़ी संख्या 14674 शहीद एक्सप्रेस (अमृतसर से जयनगर): यह ट्रेन 3 जुलाई तक बाराबंकी, अयोध्या कैंट, शाहगंज, मऊ, छपरा के रास्ते संचालित होगी।
- गाड़ी संख्या 15651 लोहित एक्सप्रेस (गुवाहाटी से जम्मूतवी): 30 जून को यह ट्रेन अयोध्या कैंट और बाराबंकी होते हुए निकाली जाएगी।
रेलवे ने इन बदलावों की अधिसूचना जारी कर दी है और आरक्षित व अनारक्षित टिकट प्रणाली में भी रूट परिवर्तन अपडेट कर दिया गया है। इसके साथ ही यात्रियों को जानकारी देने के लिए स्टेशन पर आरक्षण केंद्र और उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से भी सूचित किया जा रहा है।
यमुनानगर-जगाधरी स्टेशन से प्रभावित होने वाली ट्रेनों में एक ट्रेन रोजाना चलती है, जबकि अन्य दो ट्रेनों का संचालन साप्ताहिक या सप्ताह में दो बार होता है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने स्टाफ को रूट बदलाव की जानकारी देने में लगाया है।







