रेवाड़ी | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोमवार को रेवाड़ी जिले में नवनिर्मित जेल परिसर का उद्घाटन किया। करीब 95 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस अत्याधुनिक जेल में अब 1,000 बंदियों को रखने की व्यवस्था होगी, जो पहले मात्र 65 की क्षमता तक सीमित थी। उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री ने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस मौके पर जेल मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, विधायक लक्ष्मण यादव, डॉ. कृष्ण कुमार, ओमप्रकाश यादव, अनिल यादव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने जानकारी दी कि पहले जिले में एक छोटी जेल थी, जिससे 700 से अधिक कैदियों को अन्य जिलों में शिफ्ट करना पड़ता था। अब यह समस्या समाप्त हो जाएगी।
चार साल पहले कोविड जेल से भागे थे 13 कैदी
सीएम द्वारा उद्घाटित यह जेल पहले कोविड के समय अस्थायी जेल के रूप में प्रयोग हुई थी। 8 मई 2021 को यहां से 13 कोरोना संक्रमित कैदी ग्रिल काटकर फरार हो गए थे। सभी बाद में पकड़े गए थे और जेल अधीक्षक व अन्य स्टाफ पर कार्रवाई हुई थी।
धन्यवाद रैली में विकास योजनाओं की दी जानकारी
इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राव तुलाराम स्टेडियम में आयोजित धन्यवाद रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसी जाति की नहीं, पूरे 2.75 करोड़ जनता की है। इस अवसर पर 288 करोड़ रुपये की लागत से जुड़ी 15 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया।
IIT की मांग और जल संकट पर हुई चर्चा
विधायक लक्ष्मण यादव ने क्षेत्र में इंडस्ट्रियल एरिया की उपलब्धता का हवाला देते हुए सीएम के समक्ष IIT की मांग रखी। वहीं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और तिजारा विधायक बाबा बालकनाथ के बीच राजस्थान से आने वाले प्रदूषित जल को लेकर बहस छिड़ गई। राव इंद्रजीत ने मसानी बैराज में गंदा और जहरीला पानी छोड़े जाने पर नाराजगी जताई और समाधान की मांग की।
मुख्यमंत्री का सुरक्षा व राष्ट्रवाद पर जोर
मुख्यमंत्री सैनी ने रैली में कहा कि पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर राष्ट्रहित में ऐतिहासिक कदम उठाया। जब-जब पाकिस्तान ने हमारी जमीन पर गलत नजर डाली, हमने उनके घर में घुसकर जवाब दिया।







