चंडीगढ़ | हरियाणा के युवाओं के लिए एक बड़ी अपडेट सामने आई है। हरियाणा पुलिस में प्रस्तावित 5600 पुरुष और महिला कांस्टेबल पदों पर होने वाली भर्ती प्रक्रिया फिलहाल के लिए रोक दी गई है। जल्द ही इस भर्ती का विज्ञापन वापस लिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, राज्य की नयी सरकार ने हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) को इसकी मंजूरी दे दी है। अब यह भर्ती प्रक्रिया CET 2025 की परीक्षा के बाद ही शुरू की जाएगी।
16 अगस्त 2024 को हुआ था विज्ञापन जारी
HSSC ने 16 अगस्त 2024 को इस भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी किया था, जिस पर अब रोक लगाई गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि जो उम्मीदवार पहले से CET पास कर इस भर्ती के लिए आवेदन कर चुके हैं, उन्हें आगामी प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी। यानी उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी।
भर्ती प्रक्रिया में किया गया बड़ा बदलाव
नए नियमों के अनुसार, अब कांस्टेबल भर्ती में लिखित परीक्षा के लिए पहले से अधिक उम्मीदवारों को मौका मिलेगा। पहले केवल पदों की संख्या के चार गुना उम्मीदवारों को ही शॉर्टलिस्ट किया जाता था, लेकिन अब यह सीमा बढ़ाकर दस गुना कर दी गई है। इससे फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) और फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST) में अधिक उम्मीदवारों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सकेगी, जिससे चयन प्रक्रिया ज्यादा व्यापक और पारदर्शी होगी।







