Home Haryana गोहाना में बारिश से जर्जर मकान की छत गिरी, बड़ा हादसा टला,...

गोहाना में बारिश से जर्जर मकान की छत गिरी, बड़ा हादसा टला, परिवार सुरक्षित

295
0

गोहाना | गोहाना के मुगलपुरा वार्ड-9 में देर रात से जारी बारिश के कारण एक जर्जर मकान की छत अचानक गिर गई। हादसे के वक्त घर में मौजूद महिला और उसके तीन बच्चे बाल-बाल बच गए। यह घटना एक बड़ा हादसा बन सकती थी, लेकिन गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।

मकान में रहने वाली आरती ने बताया कि उनका घर काफी समय से जर्जर हालत में है और कई बार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन कर चुकी हैं। लेकिन हर बार उनका फॉर्म किसी न किसी कारण से रिजेक्ट कर दिया गया। आरती सड़क किनारे फड़ी लगाकर अपने परिवार का गुजारा करती हैं और इसी कच्चे मकान में अपने बच्चों के साथ रहती हैं।

आरती ने बताया कि सुबह वह बच्चों को स्कूल भेजने की तैयारी कर रही थीं, तभी अंदर वाले कमरे की छत तेज बारिश के कारण भरभराकर गिर गई। इससे पहले भी एक बार छत की कड़ी गिरने से उनके हाथ में चोट लग चुकी है।

उन्होंने बताया कि प्रशासन से कई बार गुहार लगा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई मदद नहीं मिली। मकान की दीवारों में बड़ी दरारें हैं और किसी भी समय पूरी इमारत गिर सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि या तो उन्हें रहने के लिए सुरक्षित स्थान दिया जाए या फिर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने के लिए आर्थिक सहायता मुहैया करवाई जाए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को ऐसे मामलों में गंभीरता दिखाते हुए समय रहते राहत देनी चाहिए, वरना भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here