अम्बाला, 26 सितम्बर :- अम्बाला छावनी विधानसभा सीट से आजाद प्रत्याशी चित्रा सरवारा ने मंगलवार को में नौ नुक्कड़ सभाओं के जरिए धुआंधार प्रचार किया। साथ ही अनाज मंडी से बजाजा बाजार, हनुमान मार्केट, बर्तन बाजार व सर्राफा बाजार में डोर टू डोर दुकानदारों से वोट की अपील की सभी बाजारों में चित्रा का भव्य स्वागत किया गया।
खोखले विकास पर जमकर किया वार
प्रचार के दौरान आजाद प्रत्याशी चित्रा सरवारा ने राज्य सरकार के खोखले विकास पर जमकर वार किए। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर छावनी की रिहायशी व व्यवसायिक बस्तियों की सड़कों को उखाड़कर ऐसे ही छोड़ दिया गया। अब इन बस्तियों के लोग भाजपा के खोखले विकास को लेकर खून के आंसू बहा रहे हैं। चित्रा ने कहा कि अधूरे भवन विकास की कहानी खुद बयान कर रहे हैं। उन्होंने इस बात पर बेहद दुख जताया कि खोखले विकास का हवाला देकर भाजपा प्रत्याशी फिर विकास के नाम पर वोट मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार जनता वोट की बजाय उनके इरादों पर चोट का काम करेगी। चित्रा ने कहा कि थोड़ी सी बरसात में ही छावनी की सड़कें नदी में तब्दील हो जाती हैं। तब कोई घर से निकलकर जनता का हाल नहीं पूछता।
मैं अपने परिवार के दर्द को समझती हूं
प्रचार के दौरान चित्रा कहती हैं कि रिहायशी कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं से त्रस्त लोगों के दर्द को वे अच्छी तरह समझती हैं। पिछले दस सालों में उन्होंने हर गली हर कूचे में रहने वाले लोगों के दर्द को सांझा किया है। उन्होंने कहा कि इस बार अगर जनता ने जीत के रूप में उन्हें अपना आशीर्वाद दिया तो उनके दर्द का बेहतर उपचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फूकरे बयान देने वाले नेताओं को इस बार जनता ऐसा सबक सिखाने का मन बना चुकी है कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा। चित्रा ने कहा कि अब प्रदेश से भाजपा की विदाई होने जा रही है। साथ ही उन अंहकारी नेताओं से भी छावनी की जनता को निजात मिल जाएगी जोकि लंबे समय से उनकी मुसीबतों का कारण बने हैं।







